Bhadohi

Mar 27 2023, 15:39

फलों की कीमतों में 25 प्रतिशत इजाफा


नितेश श्रीवास्तव

भदोही। फलों के दामों में लगी आग के चलते देवी भक्तों व मोमिनों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। चैत्र नवरात्र व माह- ए- रमजान की शुरुआत से ही फल विक्रेताओं द्वारा दामको देखते दामों में बढ़ोतरी कर दी गई।

अधिकांश देवी भक्त पूरे नौ दिन तक व्रत रहते हैं। जबकि एक माह तक मोसिन भूखे प्यासे रहकर अल्लाह की इबादत करते हैं। इस दौरान उनके द्वारा विभिन्न प्रकार के फलों का सेवन किया जाता है। इसके साथ ही दर्शन पूजन को पहुंचने वाले लोग अंगूर, संतरा, केला, नारियल, चूनरी आदि चढ़ाते हैं।

फल विक्रेताओं के अनुसार नवरात्र में फलों की बिक्री दो से ढाई गुना तक बढ़ जाती है। ज्ञानपुर में फल की दुकान सजाने वाले सुरेश कुमार ने बताया कि सेव 160 रुपए किलो बिक रहा है, जबकि अंगूर 70, संतरा 90,अनार सौ, केला 70 रुपए दर्जन, आम डेढ़ सौ रुपए किलो, पपीता 40 रुपए किलो, नारियल 30 रुपए पीस, कंदा 30 रुपए से किलो बिक रहा है।

Bhadohi

Mar 27 2023, 12:28

फिर बिगड़ा मौसम का मिजाज, आंधी-पानी के साथ गिरे ओले


नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जिले में मौसम का मिजाज एक बार फिर बिगड़ गया है। दोपहर तक जहां तीखी धूप देखने को मिली। वहीं शाम होते-होते आसमान में बादलों का डेरा हो गया और तेज हवा के साथ बारिश होने लगी। जिले में कई जगहों पर ओले भी गिरे और ज्ञानपुर-दुर्गागंज मार्ग पर पेड़ गिर गया। बारिश के कारण के किसानों की बची-खुची उम्मीद भी धूमिल हो गई।

एक सप्ताह पहले बेमौसम बारिश के किसान हुए नुकसान से किसान उबर भी नहीं पाए थे कि रविवार की शाम एक बार फिर मौसम बिगड़ गया। शाम पांच बजे आसमान में अचानक बादल छा गए और देखते ही देखते तेज आंधी-तूफान चलना शुरू हो गया। अंधड़ में कई जिले में कई झोपड़ियों के छज्जर उड़ गए तो ज्ञानपुर-दुर्गागंज रोड पर बीच सड़क पर पेड़ गया। जिससे आवागमन बाधित हो गया।

आंधी-तूफान के साथ मूसलाधार बारिश भी होने लगी, जो लगभग आधे घंटे तक होती रही। इसके बाद बारिश की रफ्तार कुछ कम हुई। दूसरी तरफ दुर्गागंज के भानीपुर, अर्जुनपुर, भौथर, हरिकरनपुर, गौरा, मिश्राइनपुर सहित कई गांवों में ओले भी पड़े। जिले के ज्ञानपुर, सरियावां, भदोही, घोसिया, खमरिया, औराई, चौरी, नईबाजार, गोपीगंज सहित सभी इलाकों में आंधी, पानी और तूफान का असर देखने को मिला। बारिश और ओलावृष्टि ने एक बार फिर किसानों को झटका दिया और उनकी बची-खुची फसलें भी बर्बाद होने के कगार पर आ गई। मायूस किसान इन्द्रदेव की मनुहार करते दिखे।

मौसम विशेषज्ञ सर्वेश बरनवाल ने बताया कि एक सप्ताह पूर्व पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बेमौसम बारिश हुई थी। अब रविवार को पश्चिमी विक्षोभ का असर मध्यप्रदेश और राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में रहा। जिसका असर अपने जिले में भी देखने को मिला। बताया कि सोमवार को आसमान में बादल के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है।

उन्होंने बताया कि 14 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चल रही हवाओं के साथ बारिश भी तेज रही। कृषि विशेषज्ञ डॉ. आरपी चौधरी ने बताया कि रविवार की हुई बारिश का सबसे ज्यादा असर किसानों के खेतों में पड़े गेहूं और कट चुकी सरसों, चना और मटर की फसलों पर देखा जाएगा। बताया कि कटी सरसों के दाने बारिश के कारण काले पड़ सकते हैं। इसलिए मौसम साफ होते ही किसान सरसों, चना और मटर जैसी फसलों की मड़ाई कर लें। इससे शेष फसलें बच सकती हैं।

Bhadohi

Mar 27 2023, 12:26

विश्वनाथ मंदिर की बना रहे झांकी


नितेश श्रीवास्तव

भदोही। नगर में नवमी के दिन 30 मार्च को झांकी निकाली जाएगी।सिद्धपीठ बाबा हरिहरनाथ मंदिर में रामनवमी की तैयारी युद्ध स्तर से चल रही है। बाबा बर्फानी ग्रुप के नेतृत्व में बाबा विश्वनाथ की भव्य झांकी तैयार करने में कारीगर जीनजान से जुटे हैं। सुबह नौ बजे से रात आठ बजे तक माडल तैयार करने का काम चल रहा। इस बार काशी विश्वनाथ झांकी को भव्य रुप देने का काम अंतिम दौर में चल रहा है।

बाबा बर्फानी ग्रुप के अध्यक्ष ब्रह्मा मोदनवाल ने बताया कि चैत्र नवरात्र में रामनवमी के दिन बाबा विश्वनाथ मंदिर के स्वरूप में बना माडल झांकी के रुप में निकलेगा। इस वर्ष 18 फीट ऊंचा झांकी निकाली जाएगी। दूर - दराज से आए भक्तों के लिए यह झांकी आकर्षक का केंद्र रहेगा। ग्रुप द्वारा चयनित स्थलों पर केसरिया ध्वज लगाने के साथ प्रवेश द्वार बनाए जा रहे हैं। मंदिर व तालाब पर रामनवमी के दिन आकर्षक सजावट भी किया जाएगा। इस मौके पर गुड्डू हाशमी, बच्चा, राकेश महराज, कल्लू गुप्ता आदि उपस्थित थे।

Bhadohi

Mar 27 2023, 12:23

*मां कात्यायनी के दर्शन कर भक्त निहाल*


नितेश श्रीवास्तव

भदोही। चैत्र नवरात्र के छठवें दिन सोमवार को देवी मंदिरों में सुख-समृद्धि की प्रतीक मां कात्यायनी देवी का विधि-विधान से पूजन अर्चन किया गया।

देवी मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु मां के दर्शन कर निहाल होते रहे। साथ ही सुख समृद्धि व सुखी दांपत्य जीवन की कामना की।चैत्र नवरात्र में नगर क्षेत्र के लेकर ग्रामीण अंचल तक मां दुर्गा के रंग में रंग चुका है। चहुंओर मातारानी के दर्शन-पूजन की धूम मची है। सोमवार को देवी मंदिरों में सुबह से ही मां के छठें स्वरूप मां कात्यायनी के दर्शन के लिए कतार लग गई।

विशेषकर महिलाएं और युवतियों की अधिकता दिख रही है। भक्त जन दर्शन- पूजन के साथ रामचरित मानस एवं शक्ति की पाठ आदि भी करते देखे जा रहे हैं। ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर बज रहे देवी भक्ति गीतों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो चुका है। नगर के हरिहरनाथ मंदिर, घोपइला माता मंदिर आदि स्थानों पर दर्शन- पूजन करने का सिलसिला भोर से ही शुरू हो जा रहा है तो देर रात तक चल रहा है।

महिलाएं गीतों के जरिए देवी स्तुति कर रही हैं। पुराणों के अनुसार आदि शक्ति के छठें स्वरूप कात्यायनी की विधि- विधान से पूजा अर्चन करने से भौतिक सुख सुविधाओं की प्राप्ति होती है। दांपत्य जीवन सुखी रहता है। कात्यायनी ऋषि घोर तप कर आदि शक्ति को प्रसन्न करते हुए उन्हें अपनी पुत्री के रूप में मांगते हैं, जबकि देवी को अजन्मा माना जाता है।

ऋषि की तपस्या से प्रसन्न माता उनके कुल में जन्म लेती है, इसी से इनका नाम कात्यायनी देवी पड़ा। जो सच्चे हृदय से माता की पूजा व जागरण करता है माता की कृपा दृष्टि उस बनी रहती है

Bhadohi

Mar 26 2023, 22:08

*कोरोना पर बढ़ी चिंता, देशभर में 10 और 11 अप्रैल को माॅक ड्रिल*

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। केंद्रीय सरकार ने कोविड -19 और एच3 एन 2 के बढ़ते मामलों को ध्यान में रखकर पत्र जारी कर राज्यों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।

 केंद्रिय स्वास्थ्य मंत्रालय व भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद ( आईसीएमआर) ने साझा पत्र में कहा, 10 और 11 अप्रैल को देशभर के सभी अस्पतालों की कोविड व फ्लू के मामलों से निपटने की तैयारी परखी जाएगी। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण व आईसीएमआर महानिदेशक राजीव बहल ने राज्यों के प्रमुख सचिव व स्वास्थ्य सचिवों को यह पत्र भेजा है।

 इसमें कहा गया है, सभी जिलों में सार्वजनिक और निजी अस्पतालों में बिस्तर, दवा, चिकित्सा उपकरण, आक्सीजन, वेंटिलेटर जैसी तमाम सुविधाओं का जायजा लिया लेने के लिए माॅक ड्रिल होगी। 

इसके संबंध में 27 मार्च को होने वाली वर्चुअल मीटिंग में सभी राज्यों को पूरा विवरण दिया जाएगा। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय इससे पहले 10 और 11 अप्रैल को सभी तरह के श्वसन संबंधित मौसमी रोगजनकों के प्रसार को लेकर राज्यों को परामर्श कर चुका है।

Bhadohi

Mar 26 2023, 16:31

*जनपद के लोगो को आवारा पशुओं से मिलेगी राहत वेनेटरी वैन का हुआ शुभारंभ*


रिपोर्ट - नितेश श्रीवास्तव

भदोही। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने आज पूरे प्रदेश में गांव व शहर में घूम रहे आवारा पशुओं को उनके उचित स्थानपे भेजने के लिए मोबाइल वेटनरी यूनिट (सचल पशुचिकित्सा इकाई) का शुभारंभ किया जनपद के गांव व शहर में छुट्टा पशुओं को उनके उचित स्थान पर लेजाने के लिए दो मोबाइल वेटनरी वैन का शुभारंभ जिला मुख्यालय से जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी ,औराई विधायक दीना नाथ भास्कर,जिलाधिकारी गौरांग राठी ने हरी झंडी दिखा कर रवाना किया।

जिला पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि आज पूरे प्रदेश में जिस तरह से छुट्टा पशु घूम रहे है। उसको देखते हुए प्रदेश सरकार ने उन आवारा पशुओं को उनके उचित स्थान पर लेजाकर रखने के लिए जनपद में रविवार से दो वेनेटरी वैन गांव- गांव, नगर- नगर भ्रमण करके इन पशुओं को वैन में भर कर गौशाला में लेजाकर छोड़ने का काम करेंगे ।

जिलाधिकारी ने बताया की प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ जी ने आज पूरे प्रदेश में कुल 520 वेनेटरी वैन को एक साथ संचालित किया वैन का मुख्य उद्देश्य गांवों व नगरों में जो छुट्टा पशु घूम रहे है उनको इस वैन के माध्यम से गौशाला में लेजाकर छोड़ने का काम करेगी। जनपद में इस वैन के संचालन से जनपद में घूम रहे आवारा पशुओं से जनपद के लोगो को निजात मिलेगी फिरहाल अभी दो वैन का संचालन किया गया है आने वाले समय मे दो वैन और संचालित किया जाएगा।

Bhadohi

Mar 26 2023, 13:28

*राज्य स्तरीय यूथ 20 प्रतियोगिता में भदोही जनपद का प्रतिनिधित्व करते कानरा महाविद्यालय के छात्र अशफाक अहमद*


रिपोर्ट - नितेश श्रीवास्तव

भदोही।‌लखनऊ के किंग जार्ज मेडिकल कॉलेज में युवा कार्यक्रम व खेल मंत्रालय के निर्देशन में युवा कल्याण विभाग उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित 'Youth wfi Consultation' में 'Health, Wellbeing & Sports: Agenda For Youth' विषय पर आयोजित सम्मेलन में जनपद भदोही का प्रतिनिधित्व करने के लिए केएनपीजी काॅलेज ज्ञानपुर भदोही के वनस्पति विज्ञान के छात्र अशफाक अहमद ने प्रतिभाग किया। जनपद स्तरीय यूथ 20 प्रतियोगिता में अशफाक ने चयनित होकर प्रदेश में जाने के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया था।

Youth wfi Consultation में मानसिक स्वास्थ्य, खेल से होने वाली चोटों से संबंधित स्वास्थ्य, खेल के विभिन्न आयामों पर चर्चा, योग और आयुर्वेद से संबंधित अन्य विषयों पर विभिन्न सत्रों में एक दिवसीय विचार विमर्श हुआ। जिसमें विशेषज्ञों ने अपनी बात रखी और युवाओं से संवाद किया। कार्यक्रम का उद्घाटन नवनीत सहगल युवा कल्याण विभाग, एवं कुलपति किंग जॉर्ज मेडिकल कॉलेज श्री विपिन पुरी ने किया।

इस अवसर पर अशफ़ाक ने बताया कि जनपद भदोही प्रतिष्ठित महाविद्यालय केएनपीजी काॅलेज ज्ञानपुर भदोही व युवा कल्याण विभाग के मार्गदर्शन में इस प्रदेश स्तरीय सम्मेलन में जनपद का प्रतिनिधित्व करने का अवसर निश्चित ही मेरे लिए गौरवपूर्ण है। संवाद और परिचर्चा के माध्यम से हमने विभिन्न विषयों पर अपनी समझ को ठीक किया है।

Bhadohi

Mar 26 2023, 13:23

विकास कार्य में किया जा रहा भेदभाव: जाहिद बेग


नितेश श्रीवास्तव

भदोही। सूबे में होने वाले विकास कार्यों में भेदभाव किया जा रहा है। जिले के एक विधानसभा में बजट न मिलना गंभीर चिंता का विषय है। सपा में किया गया विकास कार्य ही हर तरफ दिख रहा है। जबकि छह साल में सरकार सिर्फ बयानबाजी ही कर रही है।

यह बातें भदोही विधायक जाहिद बेग पत्रकारों से हुए बातचीत में कहींभदोही विधायक जाहिद बेग ने कहा कि प्रभारी मंत्री पत्रक देकर काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय को विश्विद्यालय बनाने की मांग किए गए हैं। बारिश व ओलावृष्टि से किसानों की चौपट हुई फसलों का गलत आंकड़ा बताया जा रहा है। मौसम की मार से 60 से 80 प्रतिशत फसलों का नुकसान हुआ है।

उसी आधार पर किसानों को मुआवजा मुहैया कराए जाए। भदोही शहर स्थित फूलन देवी तिहारे पर ओवर ब्रिज का निर्माण कराया जाए। शहर में पानी निकासी की बेहतर व्यवस्था की जाए कहा कि कंधिया फाटक पर बन रहे ओवरब्रिज का शीघ्र पूर्ण किया जाए। सूबे में विकास कार्य में किसी तरह का भेदभाव न किया जाए।

Bhadohi

Mar 26 2023, 13:22

एक अप्रैल से वाहन चालकों को देना होगा अधिक टोल टैक्स


नितेश श्रीवास्तव

भदोही। वाराणसी-प्रयागराज से गुजरने वाले वाहनों को एक अप्रैल 2023 से अधिक टोल टैक्स देना होगा। प्राधिकरण हर वर्ष होल सेल प्राइज इंडेक्स के मुताबिक टोल टैक्स निर्धारित करता है। इस साल टोल टैक्स में 10 फीसदी बढ़ोतरी के आसार जताए जा रहे हैं।

हाईवे प्राधिकरण की ओर से लिए गए इस फैसले के बाद लोगों की जेब ढीली होगी। वाराणसी-प्रयागराज हाईवे पर प्राधिकरण ने जिले में लालानगर के पास टोल प्लाजा बनाया हुआ है। हाईवे से गुजरने वाले वाहन टोल प्लाजा पर निर्धारित शुल्क देते हैं। पांच वर्ष पूर्व से फास्टैग व्यवस्था लागू होने के बाद टोल प्लाजा के पास जाम जैसी समस्या देखने को नहीं मिलती। इसके साथ ही वाहन चालकों के समय की भी बचत होती है।

हाईवे पर सुविधाओं के विस्तार और रखरखाव को लेकर प्राधिकरण हाईवे से गुजरने वाले वाहनों पर टैक्स लगाता है। प्राधिकरण हर साल एक अप्रैल को टैक्स शुल्क की बढ़ोतरी करता है। इस साल भी बढ़ोतरी के आसार हैं। परियोजना निदेशक हाईवे पंकज मिश्रा ने बताया कि प्राधिकरण हर साल होल सेल प्राइज इंडेक्स के मुताबिक टोल टैक्स का रेट तय करता है। इस बार भी एक अप्रैल से टैक्स चार्ट में परिवर्तन किया जायेगा। इसमें टोल टैक्स में बढ़ोतरी के आसार हैं।

Bhadohi

Mar 26 2023, 12:39

*गंगा से सटे 47 गांवों के विकास के लिए सवा दो करोड़*


नितेश श्रीवास्तव

भदोही। स्वच्छ भारत मिशन के फेज-2 में नमामि गंगे योजना के तहत गंगा के तटवर्ती 47 ग्राम पंचायतों के 89 राजस्व गांव मॉडल के रूप में विकसित किया जाएगा।

योजना के तहत पहली किस्त के रूप में दो करोड़ 20 लाख रुपये पंचायतों को भेज दिए गए हैं।

खर्च का प्रमाणपत्र देने पर दूसरी और तीसरी किस्त की रकम भेजी जाएगी। इससे गांव में ठोस-तरल अपशिष्ट प्रबंधन सहित साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त की जाएगी।

जिले की 546 ग्राम पंचायतों में पहले चरण में एकल शौचालय और सामुदायिक शौचालय का निर्माण किया गया है, लेकिन कूड़े का निस्तारण नहीं होने से गंदगी फैली रहती है। इसे ठीक करने के लिए स्वच्छ भारत मिशन के फेज-2 में 17 राजस्व गांवों को मॉडल के रूप में विकसित किया जा रहा है। जहां डोर टू डोर कूड़ा निस्तारण, ठोस कूड़ा प्रबंधन, वर्मी कंपोस्ट पिट निर्माण सहित अन्य व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

17 राजस्व गांवों के साथ अब गंगा से सटे 47 ग्राम पंचायतों को भी मॉडल गांव के रूप में विकसित करने की कवायद शुरू हो गई। ग्राम पंचायतों की कार्ययोजना के हिसाब से पंचायत राज विभाग ने दो करोड़ 20 लाख रुपये की पहली किस्त जारी कर दी है। जिला पंचायत राज अधिकारी राकेश कुमार यादव ने बताया कि गंगा से सटे 47 गांव भी मॉडल की तर्ज पर विकसित होंगे। ग्राम प्रधान, सचिव सहित अन्य संबंधित कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने के बाद काम शुरू हो गया है। पहली किस्त में दो करोड़ 20 लाख भेजा जा चुका है।